
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह शिव मंदिर के पास रहने वाली 40 वर्षीय शिक्षिका टुंपा डे ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, टुंपा डे मॉडल स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। घटना के समय उनके पति बाबू डे घर पर मौजूद नहीं थे। बताया जाता है कि शाम को परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें फंदे से झूलता देखा। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
मृतका अपने पीछे पति, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। वहीं, स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। टुंपा डे अपने व्यवहार और शिक्षण कार्य को लेकर समाज में एक सम्मानित पहचान रखती थीं।
गौरतलब है कि बीते 48 घंटे में जमशेदपुर में आत्महत्या की यह चौथी घटना है। इससे पहले एक मेडिकल छात्र, एक ऑटो चालक और एक अन्य महिला ने भी आत्महत्या कर ली थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे मामलों में सामाजिक संवाद और पारिवारिक सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की मानसिक परेशानी होने पर परिजन और मित्रों से बात करें और जरूरत पड़ने पर परामर्श केंद्रों की मदद लें।

