
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के सैरात बाजार की दुकानों का बढ़ा हुआ किराया स्वास्थ्य मंत्री की पहल पर सरकार ने वापस लेने का निर्णय लिया था अब इन दुकानों के अवैध तरीके से खरीद बिक्री की जांच के लिए चार सदस्यीय एक कमिटि का भी गठन किया गया है.
उपायुक्त विजया जाधव ने चार सदस्यीय जांच कमिटी गठित की है. कमिटी में भूमि सुधार उप समाहर्ता रवींद्र गागराई को अध्यक्ष में बनाया गया है.
जबकि जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, जमशेदपुर अंचल के अंचलाधिकारी अमित श्रीवास्तव एवं टाटा स्टील की ओर से नामित एक व्यक्ति को सदस्य मनोनीत किया गया है. कमिटी को विस्तृत जांच रिपोर्ट संयुक्त मंतव्य के साथ 15 दिनों में सौंपने का निर्देश दिया.
दुकानों की गलत तरीके से रजिस्ट्री भी की गई
सैरात बाजार की जमीन-दुकान की धड़ल्ले से खरीद-बिक्री की गई हैं. यही नहीं उक्त जमीन की रजिस्ट्री भी सब रजिस्ट्रार के द्वारा की गई है. लीज की जमीन टाटा स्टील लैंड विभाग की ओर से लीज धारकों को सस्ते दाम पर रहने एवं कारोबार के लिए दिया गया था.
लेकिन उन जमीनों की खरीद-बिक्री लाखों, करोड़ो रुपये में की गई. जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हुआ.

