
उदित वाणी, जमशेदपुर : डिमना चौक से बाईं ओर चल रहा “फ्लाई ओवर” नामक निर्माण कार्य इन दिनों स्थानीय निवासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। बताया जा रहा है कि यह काम बिना किसी वैध अनुमति के हो रहा है और देर रात तक जारी रहता है, जिससे इलाके में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर रेत, गिट्टी और भारी वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं, जिसके कारण आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार विरोध करने पर वहाँ मौजूद एक व्यक्ति, जो खुद को “मुंशी” बताता है, ने लोगों से अभद्र भाषा में बात की और कहा — “हम थाना प्रभारी से लेकर डीसीपी तक सबको पैसा देकर मैनेज किए हैं।”
हालांकि, जब उससे संबंधित अधिकारियों के नाम पूछे गए, तो वह जवाब नहीं दे सका, जिससे साफ जाहिर हुआ कि वह लोगों को धमकाने के लिए झूठे दावे कर रहा था।
इस दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि साइट पर काम करने वाले कई कर्मचारी शराब के नशे में धुत होकर काम करते हैं। नशे में झगड़ा और गाली-गलौज आम बात बन चुकी है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पत्रकार द्वारा जब इस संबंध में डीएसपी ट्रैफिक नीरज सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे स्थानीय लोगों में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर नाराज़गी और बढ़ गई है।
निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति चल रहे इस निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए और शराब के नशे में काम कर रहे कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

