
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड चेतना मंच की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
लोगों ने मांग की कि टाटा-थावे एक्सप्रेस, टाटा-बक्सर एक्सप्रेस, टाटा-दुर्ग एक्सप्रेस, टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस, टाटा-जयनगर एक्सप्रेस और टाटा-धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस समेत छह पैसेंजर, मेमो और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव आदित्यपुर स्टेशन पर फिर से शुरू किया जाए।
गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान रेलवे ने इन ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया था। हालांकि अब सामान्य स्थिति लौटने के बावजूद इन्हें बहाल नहीं किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
हस्ताक्षर अभियान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंबुज कुमार और भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने इस मांग को शीर्ष नेतृत्व और रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान झामुमो नेता लालबाबू सरदार, शैलेश सिंह, शिव शंकर यादव, बैकुंठ चौधरी, मुनचुन झा, संजीव द्विवेदी, उमेश महतो, प्रदीप मुखी, नटवर करुआ, श्रीनिवास यादव, बाबू तिवारी, बबुआ झा और सतीश मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अभियान का नेतृत्व कर रहे अध्यक्ष सुरेश धारी, समरेंद्र नाथ तिवारी और राहुल यादव ने कहा कि मंच का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मंडल रेल प्रबंधक चक्रधरपुर, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और स्थानीय सांसदों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।

