
उदित वाणी, जमशेदपुर: जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अलावा चार अन्य जगहों पर चल रहा समर कैंप अब अपने परवान पर है. गुरुवार को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे विभिन्न इवेन्ट्स की प्रतियोगिताएं हुईं, जिसके विजेताओं को पुरस्कृत किया गया.
स्विमिंग पूल के सामने स्थित गोल्फ पुटिंग मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों को टाटा स्टील खेल विभाग के आनंद ने पुरस्कृत किया. उन्होंने बच्चों और पैरेन्टस से कहा कि जो देश में खेल में बेहतर होता है, वह देश दुनिया पर राज करता है. उन्होंने बताया कि अमेरिका, चीन और जापान जैसे देश आज खेल में बेहतर है, ऐसे में वे अर्थव्यवस्था से लेकर विकास के सारे मानदंडों में बेहतर है.
उन्होंने बताया कि इसका कारण यह है कि जो खेल से प्यार करता है, उसमें न केवल टीम वर्क होता है बल्कि वह अनुशासित भी होता है. जिस देश के लोग अनुशासित होते हैं, वह देश विकास के पायदान पर आगे होता है.
आनंद ने सारे पैरेन्ट्स से अनुरोध किया कि वे बच्चों को किसी ने किसी खेल में पंजीकरण कराए, ताकि वह हेल्थ और फिटनेस के साथ टीम वर्क, टाइम मैनेजमेंट और अनुशासन के महत्व को समझ सके. उन्होंने गोल्फ पुटिंग के विजेताओं को पुरस्कृत किया. इसके अलावा जेआरडी में चल रहे एथलेटिक्स इवेन्ट्स के साथ हैंडबॉल, स्विमिंग, कराटे जैसे इवेन्ट्स में भी प्रतियोगिताएं हुईं.
आज बच्चों के लिए पेन्टिंग प्रतियोगिता
समर कैंप के दौरान शुक्रवार को शहर के स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता होगी. बीट प्लास्टिक पोल्यूशन पर पेंटिंग और एलोक्यूशन प्रतियोगिता आयोजित की गई है. पेंटिंग का आयोजन चार समूह और एलोक्यूशन का दो समूह में होगा.
इन प्रतियोगिताओं में फ्री इंट्री होगी और इसका स्पॉट रजिस्ट्रेशन होगा. इसका आयोजन जेआरडी में सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े आठ बजे के बीच होगा.
टीजीएस में 130 बच्चे कर रहे शिरकत
टीजीएस (टाटा ग्रॉथ शॉप) गम्हरिया में चल रहे समर कैंप में 130 बच्चे भाग ले रहे हैं. टीजीएस में पहली बार समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यहां पर बच्चे कराटे, क्रिकेट, फुटबॉल और स्पोर्ट क्लाइंबिंग के हुनर सीख रहे हैं.
समर कैंप का समापन 30 मई को होगा. इसका शुभारंभ 12 मई को हुआ था. इसमें 21 इवेन्ट्स में बच्चे खेलों का प्रशिक्षण ले रहे हैं.

