
उदित वाणी, जमशेदपुर : बारीगोड़ा के देवभूमि टोला निवासी रिनेश श्रीवास्तव का 15 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार, जो 10वीं का छात्र था, बीते सोमवार 26 अगस्त की सुबह एक्सरसाइज के लिए घर से निकला था। कुणाल प्रतिदिन की तरह वीएम पार्क गया, लेकिन उस दिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में खोजबीन की, किंतु उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
लगातार खोजबीन के बीच गुरुवार सुबह टेल्को थीम पार्क स्थित तालाब में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। घटना की खबर परिजनों तक पहुंची तो वे मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद कपड़ों और शारीरिक पहचान के आधार पर शव की पुष्टि कुणाल कुमार के रूप में हुई। विशेष रूप से गले पर मौजूद तिल से परिजनों ने उसकी पहचान सुनिश्चित की।
कुणाल एबीएमपी हाई स्कूल, रहड़गोड़ा में कक्षा 10वीं का छात्र था। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, स्थानीय लोग भी घटना को लेकर दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

