
उदित वाणी, आदित्यपुर: बिष्टुपुर स्थित डॉ. श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान के सभागार में महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयन्ती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य के पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय के द्वारा गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करने से हुआ।
अपने संबोधन में सरयू राय ने महाकवि तुलसीदास को वाल्मीकि का अवतार बताते हुए कहा कि गोस्वामी जी ने सरल भाषा अवधि में श्रीरामचरितमानस महाकाव्य लिखकर भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने इस काव्य के माध्यम से जीवन के मूल्य और संस्कारों को जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम में अरका जैन विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. अंगद तिवारी ने श्रीरामचरितमानस का उदाहरण देते हुए माता-पिता और गुरु के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के महासचिव हरिबल्लभ सिंह आरसी ने की, जबकि प्राचार्य पूर्णिमा त्रिपाठी, शालिनी तिवारी और शिक्षिका अर्चना सिंह ने भी तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर संस्थान द्वारा संचालित तीनों विद्यालयों (बिष्टुपुर, बागबेड़ा और घाघीडीह) में श्रीरामचरितमानस काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में काव्य पाठ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुस्तक, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्यामलाल पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य डॉ. रंजना कुमारी ने किया। कार्यक्रम में डॉ. बबीता तिवारी ने स्वागत वक्तव्य दिया।

