
उदित वाणी, रांची: कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय खूंटी की आर्थिक रूप से बेहद कमजोर सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की दस छात्राओं ने जेईई मेन-2023 में क्वालिफाई करके अपनी लोहा मनवा ली है.
जिसमें एलिसा हस्सा नामक छात्रा ने 87 परसेंटाइल लाकर 1788 रैंक प्राप्त किया है. उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर शुरू किये गए सपनों कि उड़ान कार्यक्रम का यह उत्कृष्ट सफल परिणाम है. जहां 10 छात्राओं ने उपलब्धि हासिल करके अन्य छात्राओं के लिए भी उदाहरण बनी.
वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय खूंटी परिवार, वार्डन, शिक्षिका व सभी बच्चियों में खुशी का वातावरण है. शैक्षणिक सत्र 2021-23 के द्वितीय फेज में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की इंजीनियरिंग तैयारी के लिए 18 एवं मेडिकल के लिए 39 कुल 57 छात्राओं का नामांकन कराया गया है.
जिसमें इंजीनियरिंग में 10 छात्राओं ने जेईई मेन की परीक्षा उत्तीर्ण की है. छात्राओं में एलिसा हास्सा, सोहनी बाखला, एजेंल सियोन तोपनो, मेरी कण्डुलना, सरस्वती कुमारी, सुचिता सुरीन, पुष्पा कण्डुलना, संतोषी कुमारी, श्रुति कुमारी व निशा कुमारी शामिल है.
खूंटी के कालीमाटी स्थित इस विद्यालय के 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं को भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान एवं गणित विषयों में सुदृढ़ करते हुए आईटीआई एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण कराने के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन शिक्षा प्रदान की जा रही है.
मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में नामांकन की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है. इसके तहत् प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान करियर प्वायंट कोटा राजस्थान के राँची शाखा के माध्यम से छात्राओं को कोचिंग कराया जा रहा है.

