
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार से आ रहे 407 ट्रक ने सड़क किनारे खड़े सब्जी बिक्रेता को बेरहमी से रौंद दिया. हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए एक टेंपो को ठोकर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद चालक ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया.
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सब्जी बिक्रेता को खासमहल स्थित सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. चश्मदीदों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज गति में था कि अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे सब्जी बिक्रेता को कुचल दिया. बताया गया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि सब्जी बिक्रेता के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई.
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और 407 ट्रक को जब्त कर लिया. पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी निकालनी शुरू कर दी है. साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषी चालक को हर हाल में पकड़ा जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे कभी भी दुर्घटनाएं हो सकती हैं. उन्होंने इस हादसे के बाद प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी करने और ओवरब्रिज पर सख्त निगरानी की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं.
इस हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और गुस्से का माहौल है. लोग घायल सब्जी बिक्रेता की सलामती की दुआ कर रहे हैं और लापरवाह वाहन चालकों पर कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

