
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा शास्त्रीनगर निवासी टेम्पो चालक आशीष कुमार झा ने पार्किंग ठेकेदार राजीव राम और उसके सहयोगियों पर जानलेवा हमला व रंगदारी वसूली का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना को लेकर आशीष ने सोमवार को सिटी एसपी से लिखित शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
आशीष के अनुसार, 28 जुलाई की रात करीब 12.30 बजे वह टाटानगर रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र से दूर सड़क किनारे यात्रियों का इंतजार कर रहा था. तभी पार्किंग ठेकेदार राजीव राम अपनी स्कॉर्पियो (संख्या जेएच 05 9696) में तीन हथियारबंद गुंडों के साथ वहां पहुंचा. राजीव ने उससे पार्किंग टिकट दिखाने को कहा.जब चालक ने बताया कि वह सरकारी सड़क पर खड़ा है, तो राजीव ने आठ घंटे के लिए 800 रुपये रंगदारी मांगी.
आरोप है कि विरोध करने पर राजीव राम ने गाली-गलौज करते हुए अपने गुंडों को आदेश दिया “इसे जमीन में गाड़ दो”. इसके बाद चालक को स्टीयरिंग से खींचकर सड़क पर पटका गया और लाठी-डंडों व बंदूक के कुंदे से बेरहमी से पीटा गया. हमलावरों में मुन्ना और रंजन सिंह नामक गुंडों के शामिल होने की बात सामने आई है.
पीड़ित के मुताबिक, अधमरा होने पर हमलावर उसे छोड़कर चले गए. जाते समय राजीव राम के ड्राइवर ने उसके टेम्पो के डैशबोर्ड से भाड़े के तीन हजार रुपये लूट लिए और वाहन में तोड़फोड़ की. घायल चालक ने बाद में अस्पताल में इलाज कराया.
आशीष ने कहा कि यह घटना खुलेआम गुंडागर्दी और रंगदारी वसूली का उदाहरण है. उसने सिटी एसपी से दोषियों की गिरफ्तारी और पार्किंग ठेके में चल रही अवैध वसूली की जांच की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जबसे पार्किंग के ठेकेदार बदला गया है पार्किंग में पार्किंग शुल्क कम और रंगदारी ज्यादा मांगा जा रह है.

