
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की मोबाइल चोरी कर भाग रहे युवक को आरपीएफ ने सतर्कता दिखाते हुए पकड़ लिया. सोमवार को हुई इस घटना में चोरी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल चोरी होते ही शोर मचाया गया. इसी दौरान आरोपी युवक भागने की कोशिश कर रहा था. मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने यात्रियों की मदद से उसे दौड़ाकर धर दबोचा. पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद वसीम खान, निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई बताया.
आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, वसीम खान ने स्वीकार किया कि वह पहले भी स्टेशन परिसर में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. उससे अन्य मामलों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है. फिलहाल आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ अथवा जीआरपी को दें. स्टेशन पर बढ़ती मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए निगरानी और कड़ी कर दी गई है.

