
उदित वाणी, जमशेदपुर : देशभर में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है. इस अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर स्थित टाटानगर रेलवे परिसर में संविधान दिवस को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान रेलवे एसपी अजीत कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की गरिमा और उसकी सर्वोच्चता बनाए रखने की शपथ दिलाई. उन्होंने सभी को अपने-अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और संविधान में निहित मूल्यों को अपने कार्यों और आचरण में उतारने का संकल्प दिलाया.
रेलवे एसपी अजीत कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का संरक्षक है. यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, जो देश को दिशा देती है और नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का आश्वासन प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की मूल जिम्मेदारी है. ऐसे में संविधान द्वारा निर्धारित सिद्धांतों और मूल्यों का पालन करना हम सभी का कर्तव्य है.
इस कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, रेलवे पुलिस के अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सभी ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए यह विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्रहित में कार्य करते रहेंगे और अपने-अपने पदों से जुड़े कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे.
संविधान दिवस के इस आयोजन ने न केवल संविधान की महत्ता को उजागर किया, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों में नए संकल्प और जिम्मेदारी की भावना भी जगाई. रेलवे परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देकर संपन्न हुआ.

