
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ने टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने के लिए रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को पत्र लिखा है. पत्र से चेयरमैन रेलवे बोर्ड, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो, दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा, प्रमंडलीय रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर तरूण हुरिया, टाटानगर के एरिया मैनेजर को भी इससे अवगत कराया है. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि टाटानगर एवं आस-पास के क्षेत्रों में राजस्थानी लोगों की संख्या काफी अधिक है, जो कि अक्सर राजस्थान की यात्रा करते हैं. राजस्थान धार्मिक, पर्यटन एवं शिक्षा के दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण हो गया है और राजस्थानी लोगों के अलावा अन्य धर्म एवं जाति के लोग भी जयपुर, जोधपुर, अजमेरशरीफ, खाटूश्याम, सालासर, झूंझनू, कोटा की यात्रा पर जाते हैं.
वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में भी राजस्थान का कोटा शहर एक मशहूर स्थान हो गया है, जहां शिक्षा ग्रहण करने के लिए यहां के युवा काफी संख्या में जाने लगे हैं. लेकिन टाटानगर से राजस्थान तक सीधी रेल सेवा के अभाव में लोगों को यात्रा कर वहां तक जाने में काफी परेशानी हो रही है. राजस्थानी लोगों के साथ ही धार्मिक यात्रा पर राजस्थान जाने वाले लोगों की टाटा से राजस्थान तक सीधी रेल सेवा की मांग काफी वर्षों से रही हैं लेकिन यह मांग पूर्ण रूप से अभी तक पूरी नहीं हुई है. वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं होने से राजस्थान जाने वाले यात्रियों में रोष व्याप्त है. चैम्बर ने जयपुर तक सीधी रेल सेवा हेतु रेलमंत्री को पुनः अनुरोध कर इसे शुरू करने का आग्रह किया है.
रेलमंत्री को यह सुझाव भी
1. टाटानगर से सीधी जयपुर/फुलेरा तक नई ट्रेन की व्यवस्था.
2. पुरूषोत्तम एक्सप्रेस का फुलेरा/जयपुर तक विस्तार
3. ट्रेन संख्या 12403-12404 (प्रयागराज-बिकानेर) को टाटानगर तक विस्तारित कर इसे अपने गंतव्य बीकानेर (राजस्थान) के लिए परिचालित किया जाय.
4. ट्रेन नंबर-12307 (हावड़ा-जयपुर-जोधपुर) जो कि हावड़ा से प्रतिदिन चलती है को वाया टाटानगर से कम से कम सप्ताह में दो दिन चलाया जाय.
5. हावड़ा से जयपुर कई ट्रेन (नंबरः 12987, 12307, 12496, 22307) धनबाद होकर सातों दिन चलती है. इनमें से कोई एक ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन भाया टाटानगर होकर चलाया जाय. इसके अलावा हावड़ा से जयपुर भाया टाटानगर दुरंतों ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलाये जाने पर विचार किया जा सकता है.

