
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के प्रसिद्ध टाटा जूलॉजिकल पार्क में संक्रमण फैलने से दस सफेद हिरणों की मौत हो गई है. इस घटना से जू प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया है. एहतियातन पांच अन्य सफेद हिरणों को क्वॉरेंटाइन किया गया है, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके.
जू प्रबंधन के अनुसार, यह संक्रमण पालतू जानवरों में तेजी से फैलने वाला माना जा रहा है. जानवरों की प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) कमजोर होने के चलते वे इसका सामना नहीं कर सके. मृत हिरणों के शवों को जांच के लिए रांची और उड़ीसा जू प्रयोगशालाओं में भेजा गया है, ताकि संक्रमण के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि यह संक्रमण कौए और चील जैसे पक्षियों के माध्यम से फैल सकता है. इस बीच तीन डॉक्टरों की विशेष टीम जू परिसर में लगातार मॉनीटरिंग कर रही है और जानवरों की सेहत पर पैनी नजर रखी जा रही है.
जू परिसर में साफ-सफाई बढ़ा दी गई है और बाहर से आने वाले पक्षियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है. कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. टाटा जू के डायरेक्टर ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं.

