
उदित वाणी, रांची: पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा वर्कर्स यूनियन हाईस्कूल कदमा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. विद्यालय का चयन राष्ट्रीय स्तर पर मिलनेवाले स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2021-22 के लिए किया गया है.
वर्कर्स यूनियन विद्यालय के साथ ही पश्चिमी सिंहभूम के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय नोवामुंडी एवं रांची जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सोनाहातू का भी चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है.
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा झारखंड के इन तीनों स्कूलों को पुरस्कृत किया जायेगा. इन स्कूलों का चयन स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर खरा उतरने के लिए किया गया है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 19 नवंबर को दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में इन स्कूलों को पुरस्कृत करेंगे. पुरस्कार स्वरूप प्रत्येक विद्यालय को 60 हजार रूपये दिये जायेंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरस्कार के लिए देशभर के कुल 39 स्कूलों का चयन किया गया है. जिनमें झारखंड के तीन स्कूल हैं. तीनों स्कूलों का चयन ओवरआल श्रेणी में किया गया है.
राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित स्कूलों की संख्या के मामले में झारखंड तीसरे स्थान पर है. वहीं गुजरात के सर्वाधिक 10 स्कूलों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है. जबकि दूसरे स्थान पर पुडुचेरी है और यहां के छह स्कूलों का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है. बताया गया है कि देशभर के जिन 39 स्कूलों का चयन इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया है.
उनमें 34 स्कूलों का चयन ओवरआल श्रेणी तथा पांच का चयन सब कैटेगरी में किया है. सब कैटेगरी में चयनित स्कूलों में झारखंड का कोई भी स्कूल शामिल नहीं है.
हेमंत सोरेन सरकार द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए कुल 26 स्कूलों की अनुशंसा भेजी गई थी और राज्य सरकार द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को इन 26 स्कूलों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया था.
लेकिन केंद्र सरकार द्वारा इन स्कूलों का मूल्यांकन किया गया और झारखंड के तीन स्कूलों का ही चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया. इस प्रतियोगिता के लिए देशभर से कुल 44878 स्कूलों ने निबंधन कराया था। मूल्यांकन के बाद 2276 स्कूलों को फाइव स्टार मिला. इसके अलावा 12729 स्कूलों को चार, 24199 को तीन, 4327 को दो तथा 1357 स्कूलों को एक स्टार मिला.
