
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील का समर कैंप 2023 मंगलवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हो गया. चाणक्य चौधरी, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज), टाटा स्टील और हाल ही में एवरेस्ट फतह करने वाली अस्मिता दोरजी अतिथि के रूप में मौजूद थी.
इस वर्ष के समर कैंप में 22 इवेंट्स में 4000 से अधिक बच्चों ने भाग लिया. समर कैंप 18 दिनों तक चला. इसमें बच्चों ने न केवल विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया बल्कि फिटनेस के महत्व को भी जाना. टाटा स्टील ने बच्चों और उनके माता-पिता को गर्मियों की छुट्टियों को पूरी तरह से आनंद लेने और इसे यादगार बनाने के लिए समर कैंप आयोजित किया.
इस अवसर पर सभी 22 विधाओं ने संगीत और नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें फुटबॉल समर कैंप के बच्चों ने प्रथम पुरस्कार, मस्ती की पाठशाला के बच्चों ने दूसरा पुरस्कार और स्विमिंग समर कैंप के बच्चों ने तीसरा पुरस्कार जीता. परम शाह द्वारा एक विशेष लाइव आर्ट शो भी किया गया.
अस्मिता दोरजी ने अपने अनुभव शेयर किए
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हाल ही में अपने दूसरे प्रयास में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अस्मिता दोरजी के साथ एक विशेष बातचीत भी आयोजित की गई. उन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह करने की खुशी और प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने टाटा स्टील के एडवेंचर फाउंडेशन और उनके परिवार को उनके कभी न खत्म होने वाले समर्थन के लिए धन्यवाद दिया.
180 बच्चों ने दी प्रस्तुति
समापन समारोह समर कैंप के बच्चों द्वारा आयोजित किया गया था और विभिन्न समूहों और टीमों में 180 से अधिक बच्चों ने संगीत की एक श्रृंखला पर प्रदर्शन किया.
समापन समारोह ‘द फर्नेस’ में आयोजित किया गया था और माता-पिता सहित 2000 से अधिक लोगों ने बच्चों के शानदार प्रदर्शन को देखा. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा कई फन जोन, फूड जोन और म्यूजिक और डांस जोन बनाए गए थे ताकि इसे बच्चों और माता-पिता के लिए एक समग्र फन फेस्ट बनाया जा सके.


