
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील माइनिंग की सुकिंदा क्रोमाइट माइंस को नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन माइनिंग इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित अभेराज बलडोता पर्यावरण पुरस्कार और इंडिया ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग चैलेंज 2022 के 8वें संस्करण में रजत पदक से सम्मानित किया गया.
इस कार्यक्रम का आयोजन पिछले शुक्रवार को मुंबई में किया गया था. पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के माध्यम से सस्टेनेबल डेवलपमेंट के राष्ट्रीय लक्ष्य में माइंस के उत्कृष्ट योगदान के लिए अभेराज बलडोता पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किया गया.
कंपनी की ओर से मनीष मिश्रा, चीफ, कॉरपोरेट अफेयर्स टाटा स्टील और अंकन मित्रा, हेड, रेगुलेटरी अफेयर्स, टाटा स्टील ने यह पुरस्कार प्राप्त किया. इंडिया ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग चैलेंज 2022 के 8 वें संस्करण में सिल्वर मेडल सस्टेनेबिलिटी पर इसकी सर्वांगीण प्रगति के लिए प्रदान किया गया.
टाटा स्टील माइनिंग के सीनियर मैनेजर सुशांत कुमार मिश्रा ने यह पुरस्कार प्राप्त किया.टाटा स्टील माइनिंग के प्रबंध निदेशक, पंकज सतीजा ने कहा कि टाटा स्टील माइनिंग में हम अपनी ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, जनजातीय संस्कृति का संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी के अन्य पहलुओं में सुधार पर काम कर रहे हैं.
हमारे कर्मचारी इस प्रक्रिया के मूल में हैं, जबकि हमारी इकाइयों के आसपास के समुदाय इन उद्देश्यों को प्राप्त करने में हमारी मदद कर रहे हैं.

