
शेर के बदले में टाटा जू ने दो नर मैनड्रिल बंदर हैदराबाद भेजे
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में पशु विविधता में एक शानदार और नया आकर्षण जुड़ गया है. हैदराबाद से अफ्रीकी शेरों की एक जोड़ी मनोहर (नर) और श्रीदेवी (मादा) यहां लाई गई है. यह जोड़ी पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत नेहरू जूलॉजिकल पार्क से लाई गई है. इसके बदले दो नर मैनड्रिल बंदरों को हैदराबाद भेजा गया है. मनोहर और श्रीदेवी लगभग नौ वर्ष के हैं और अपनी प्रजनन आयु के सर्वोत्तम चरण में हैं. चिड़ियाघर प्रबंधन को आशा है कि आने वाले वर्षों में यह जोड़ी सफलतापूर्वक प्रजनन करेगी, जिससे पार्क में शेरों की आबादी की आनुवंशिक विविधता और दीर्घकालिक सस्टेनेबिलिटी को मजबूती मिलेगी.
विशेष वाहन से आए ये शेर
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की एक समर्पित टीम 11 फरवरी की दोपहर हैदराबाद के लिए दो विशेष रूप से तैयार किए गए वाहनों से रवाना हुई, जिन्हें पशुओं के सुरक्षित और आरामदायक परिवहन के लिए डिज़ाइन किया गया था. सभी आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया और स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम ने वापसी यात्रा शुरू की और 16 फरवरी की आधी रात के आसपास शेरों को सुरक्षित रूप से जमशेदपुर ले आई.
सीजेडए की दिशा निर्देश में
पूरी परिवहन प्रक्रिया सेंट्रल जू ऑथोरिटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में संपन्न की गई, ताकि पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके. वर्तमान में टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन अफ्रीकी शेर हैं, जिसमें दो नर, जंबो और एड, तथा एक मादा, जोया है, जिसकी आयु लगभग 14.5 वर्ष है. ये शेर वर्ष 2012 में उस समय चिड़ियाघर लाए गए थे, जब वे केवल छह महीने के थे. तब से वे दर्शकों केलिए प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं. मनोहर और श्रीदेवी के आगमन के साथ चिड़ियाघर अब एक युवा और आनुवंशिक रूप से सशक्त शेर आबादी विकसित करने की दिशा में अग्रसर है.
मनोहर और श्रीदेवी को क्वारंटीन में रखा गया
मानक प्राणी उद्यान प्रोटोकॉल के अनुसार, मनोहर और श्रीदेवी को अनिवार्य 40 दिनों की क्वारंटीन अवधि में रखा गया है. इस दौरान उसके स्वास्थ्य, आहार के अनुकूलन तथा नए वातावरण में सामंजस्य स्थापित करने की प्रक्रिया पर विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी. क्वारंटीन अवधिसफलतापूर्वक पूरी होने के बाद शेरों को उनके निर्धारित बाड़ों में रखा जाएगा और इसके बाद दर्शक इन शानदार शेरों का दीदार कर सकेंगे.

