
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एरोड्रम के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में टाटा स्टील के ठेका कर्मचारी की मौत हो गई. घटना कार चालक की अनदेखी के कारण हुई. जानकारी के अनुसार, सोनारी कपाली बस्ती निवासी चेतन शर्मा (40) गुरुवार शाम ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एरोड्रम के पास खड़ी स्विफ्ट कार का चालक अचानक दरवाजा खोल बैठा. दरवाजा खुलते ही चेतन शर्मा की बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई. टक्कर के बाद चेतन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर बताई गई और बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया. देर रात इलाज के दौरान चेतन शर्मा ने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना पाकर सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित चालक को थाने ले आई. पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. मृतक के भाई विकास शर्मा ने बताया कि चेतन दो बच्चों के पिता थे और टाटा स्टील में ठेकेदार के अधीन सुपरवाइजर के पद पर काम करते थे.
सोनारी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

