
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील सुरक्षा टीम ने एक बार फिर अपनी सतर्कता से चोरी की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। बीती रात एलडी-1 ट्रैक हॉपर क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने दबिश देकर एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा विभाग को पूर्व में ही जानकारी मिल गई थी कि देर रात कुछ असामाजिक तत्व चोरी की योजना बना रहे हैं। इस आधार पर रात लगभग 11:50 बजे एलडी-1 ट्रैक हॉपर क्षेत्र में विशेष गश्त और घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखने पर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर रहमत कुरैशी (35 वर्ष), पिता अनमल कुरैशी, निवासी धतकीडीह ब्लॉक-ए, बड़ी मस्जिद के पास, को पकड़ लिया गया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।
सुरक्षा विभाग के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है। इससे पहले भी वह दो बार चोरी की कोशिश करते हुए पकड़ा जा चुका है। नियमित प्रक्रिया के तहत आरोपी का डब्ल्यूपीएफए में मेडिकल परीक्षण कराया गया और तत्पश्चात बिस्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
बिस्टुपुर थाना प्रभारी ने बताया, “गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। उसके फरार साथियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।”
वहीं, टाटा स्टील सुरक्षा अधिकारी ने कहा, “कंपनी परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा टीम हर समय सतर्क है और कंपनी की संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है।”
इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि टाटा स्टील सुरक्षा बल की चौकसी के कारण कंपनी की संपत्ति पूरी तरह सुरक्षित है।

