
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील की ओर से बुधवार को यूनाइटेड क्लब में कोयला और कोक मेकिंग 2023 पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. उत्तम सिंह, वाइस प्रेसीडेंट, आयरन मेकिंग, टाटा स्टील ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की.
यह कार्यक्रम कोयला और कोक बनाने के प्रक्रिया नियंत्रण में मौलिक सिद्धांतों और नवाचारों पर केंद्रित था. यह कोक बनाने और कोयले की उपलब्धता में भविष्य की चुनौतियों पर भी जोर देता है. कार्यशाला में कोक बनाने में शामिल सभी कार्यक्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 50 से ज्यादा प्रतिभागियों ने भाग लिया.
उन्होंने कोयसा और कोक बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा, विचार-विमर्श, आदान-प्रदान और अन्वेषण को लेकर बात की. कोयले और कोक की विशेषताओं की अंतर्दृष्टि और कोयले को ग्रेफाइट में बदलने की प्रक्रिया, पायलट ओवन के माध्यम से कोयले और कोक की गुणवत्ता का आकलन, कोक ओवन डिजाइन का सिद्धांत जैसे विषय पर इस कार्यशाला में विस्तार से चर्चा की गई.
पहले दिन कोयला और कोक बनाने वाले उद्योग के प्रतिष्ठित पेशेवरों द्वारा मुख्य व्याख्यान और तकनीकी सत्र दिए गए. 9 फरवरी को प्रतिष्ठित पेशेवरों के पांच तकनीकी सत्रों का आयोजन होगा.

