
उदित वाणी जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग पुल के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें टाटा स्टील के वायर रॉड मिल में कार्यरत क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह (57) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार पांच अन्य कर्मचारी घायल हो गए हैं। सभी को एंबुलेंस की मदद से टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी अपने एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चों के जन्म की खुशी में पार्टी मनाने गए थे। देर रात लौटते समय हुरलुंग पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बताया गया कि हादसे के दौरान कार का शीशा खुला हुआ था, जिससे प्रमोद सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
कार में कुल छह लोग सवार थे — प्रमोद सिंह, आरके सिंह, उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50) और बिनेश टूद्दू (33)। इनमें प्रमोद सिंह की मौत हो गई, जबकि बाकी पांच घायल हैं। सभी टाटा स्टील के वायर रॉड मिल में कार्यरत कर्मचारी हैं।
मृतक प्रमोद कुमार सिंह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भूषण कॉलोनी, बारीडीह के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य बेसुध हैं। सहकर्मियों के अनुसार, प्रमोद सिंह और आरके सिंह की विभागीय पदोन्नति दो दिन पहले ही हुई थी। खुशी के दो दिन बाद हुए इस हादसे ने पूरे विभाग को शोक में डुबो दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

