
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स ने आगामी हीरो इंडियन सुपर लीग 2022-23 के लिए जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के साथ ऑटोमोबाइल पार्टनर के रूप में अपनी साझेदारी बरकरार रखने की घोषणा की है.
इस सीजन में इस साझेदारी के तहत जमशेदपुर में होने वाले हीरो आईएसएल टूर्नामेंट में टाटा की टियागो कार को प्रमोट किया जाएगा. टाटा टियागो एक यंग, मजेदार, वाइब्रैंट और 4 स्टार ग्लोबल एनसीएपी सेफ्टी रेटिंग के साथ सुरक्षित कार है.
खेलों से टाटा मोटर्स का लंबा जुड़ाव रहा है
टाटा मोटर्स का विभिन्न खेलों के साथ जुड़ाव का लंबा इतिहास रहा है. यह मल्टीनेशनल ग्रुप भारत में होने वाले उल्लेखनीय और सबसे बड़े खेलों के इवेंट्स से सक्रिय रूप से जुड़ा रहा है, जिसमें हाल ही में आयोजित की गई इंडियन प्रीमियर लीग भी शामिल है.
टाटा मोटर्स 2017-18 के सीजन से ही में क्लब के हीरो आइएसएल के डेब्यू से ही जमशेदपुर एफसी से नजदीकी तौर पर जुड़ा रहा है. भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए इस असाधारण साझेदारी का यह लगातार तीसरा वर्ष है.
लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है खेल-राजन अंबा
टाटा मोटर्स पैसेंजर्स व्हीकल्स लिमिटेड में वीपी- सेल्स, मार्केटिंग एवं कस्टमर एक्सपीरियंस राजन अंबा ने इस साझेदारी के बारे में अपनी बात रखते हुए कहा, “स्पोर्ट भारत के विभिन्न प्रदेशों और प्रांतों के लोगों को साथ लाने का शानदार माध्यम है. यह हमें अपने उपभोक्ताओं से भावनात्मक स्तर पर संबंध जोड़ने की इजाजत देता है.
हम भारत में स्पोर्ट्स को प्रोत्साहन दे रहे हैं और हम जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के साथ लगातार तीसरे साल साझेदारी को जारी रखकर काफी उत्साहित हैं. यह प्लेटफॉर्म उन नौजवान खिलाड़ियों से जुड़ने में हमारी मदद करता है, जो टाटा मोटर्स की तरह अपनी खेल प्रतिभा से भारत को लगातार गौरवान्वित कर रहे हैं.
हमारी नई फॉरएवर रेंज की कारें और एसयूवी अपने आकर्षक डिजाइन, सुरक्षा फीचर्स और शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं. अंबा ने कहा कि हम भारतीय उपभोक्ताओं के लिए देश में ही विकसित आधुनिक तकनीक को आगे बढ़ा रहे हैं.
टियागो काफी लोकप्रिय और मजेदार हैचबैक है और हमारे शोध के अनुसार यह 30 साल से कम उम्र के उपभोक्ताओं के बीच बेहद लोकप्रिय है. हमें उम्मीद है कि इस साझेदारी से हमारा ब्रैंड के साथ कनेक्शन और बढ़ेगा. हम सभी खिलाड़ियों को अच्छे सीजन के लिए शुभकामनाएं देना चाहते हैं.
जेएफसी इस साझेदारी से काफी खुश है-मुकुल चौधरी
जमशेदपुपर एफसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकुल चौधरी ने इस साझेदारी को जारी रखने पर खुश होते हुए कहा, “पिछले सीजन में भी हमारी टाटा मोटर्स से साझेदारी काफी अच्छी रही है.
हमें टाटा मोटर्स के साथ साझेदारी को ज्यादा व्यापक और बेहतर बनाने के लिए कोशिश करते हुए बहुत खुशी हो रही है. टाटा मोटर्स जैसे दुनिया के सबसे मशहूर ब्रैंड के साथ हमने भारत में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए मकसद से सहयोग किया है.
इससे हमें काफी प्रेरणा मिलती है. हम कंपनी के साथ लंबे समय तक साझेदारी को बरकरार रखने के लिए आशान्वित हैं.”
मैच किट पर टाटा टियागो का लोगो होगा
जमशेदपुर एफसी की मैच किट पर टाटा टियागो का लोगो स्लीव्स और शॉर्ट्स पर होगा. टाटा टियागो का ब्रैंड न्यू मॉडल जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के घरेलू मैचों के दौरान डिस्प्ले किया जाएगा.
इस साझेदारी के तहत क्लब की कई दिलचस्प अभियानों से अपने फैंस से जोड़ने की योजना है. इसके अलावा जमशेदपुर एफसी के डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर कॉन्टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा.

