
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिस्टुपुर स्थित राम मंदिर के पास स्थित प्रसिद्ध औरस रेस्टोरेंट बुधवार को खेल जगत की दो दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी से सराबोर रहा, जब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर महान खिलाड़ी सैयद किरमानी और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान यहां पहुंचे. दोनों दिग्गजों ने जमशेदपुर के खान-पान, रेस्टोरेंट के माहौल और भारतीय खेलों की प्रगति की जमकर सराहना की.
सैयद किरमानी ने औरस रेस्टोरेंट के लज़ीज़ व स्वादिष्ट व्यंजनों की तारीफ करते हुए कहा कि जमशेदपुर में इतना बेहतरीन खाना मिलना उनके लिए सुखद अनुभव है. उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की यादें ताज़ा करते हुए कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और खासकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपलब्धियां देश के लिए गर्व की बात हैं.
पूर्व हॉकी कप्तान ने कहा कि उनके दौर की तुलना में आज भारतीय हॉकी में काफी सुधार और प्रगति हुई है. उन्होंने कहा कि देश का खेल ढांचा मजबूत हुआ है, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिल रही हैं, जिसे देख उन्हें बेहद खुशी और संतोष होता है.
दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से औरस रेस्टोरेंट में खेलप्रेमियों और उपस्थित लोगों में खास उत्साह देखा गया. इस मौके पर औरस के संचालक प्रेजवाल साहू, अभिनव साहू के अलावा खेल जगत से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के एथलीट ज्ञान सिंह और मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन ऑफ़ ईस्ट सिंहभूम के सचिव श्याम कुमार शर्मा भी मौजूद रहे.

