
आठ से 16 अक्टूबर तक बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान मेें होगा स्वदेशी मेला का आयोजन
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारतीय विपणन विकास केन्द्र (सीबीएमडी) और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में आगामी आठ से 16 अक्टूबर तक गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में आयोजित होनेवाले 16वें स्वदेशी मेला का विवरणिका संप्रेषण मंगलवार को चैम्बर भवन, बिष्टुपुर में संपन्न हुआ.
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक उदित वाणी के संपादक सह समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल उपस्थित थे. उन्होंने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुये कहा कि स्वदेशी मेला से मैं प्रारंभ से जुड़ा रहा हूं.
स्वदेशी मेला सिर्फ वस्तुओं के क्रय-विक्रय केन्द्र नहीं बल्कि स्वदेशी का भाव, स्वदेश प्रेम की भावना को दर्शाता है. देश की आजादी के आंदोलन में भी विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आग्रह किया गया था. इसी के सोच के साथ इसका आयोजन किया जाता है.
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित
सिंहभूम चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष सह समाजसेवी अशोक भालोटिया ने कहा कि स्वदेशी मेला अपने देश के छोटे, मध्यम एवं वृहत उद्योगों के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में तैयार हो रही वस्तुओं को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है.
अध्यक्षीय भाषण देते हुये स्वावलंबी झारखंड माईक्रावेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर के चेयरमैन मुरलीधर केडिया ने कहा कि जमशेदपुर में पहला स्वदेशी मेला वर्ष 2001 आयोजित किया गया था.
तब इसे आयोजित करने हेतु संसाधन जुटाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. लेकिन धीरे-धीरे आज यह जमशेदपुरवासियों के लिये एक मेला न होकर उत्सव के रूप में आयोजित हो रहा है जिसका इंतजार शहरवासियों को रहता है.
विवरणिका संप्रेषण कार्यक्रम में उपस्थित स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं खादी ग्रामोद्योग के पूर्वी जोन के सदस्य मनोज कुमार सिंह ने विषय प्रवेश करते हुये कहा कि स्वदेशी मेला का आयोजन एक पारिवारिक आयोजन के रूप में लोगों में स्वदेशी की भावना जागृत करने के उद्देश्य से किया जाता है.
कार्यक्रम में स्वागत भाषण मेला संयोजक अशोक गोयल ने तथा मंच संचालन स्वदेशी जागरण मंच विभाग संयोजक राजकुमार साह ने किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन सीबीएमडी के बिहार-झारखण्ड प्रमुख मंजू ठाकुर ने किया.
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संघर्षवाहिनी प्रमुख बंदेशंकर सिंह, जे.के.एम. राजू, रामानंद लाल, अनिता सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रविन्द्र , प्रकाश मेहता, जयंत श्रीवास्तव, अभिषेक बजाज, गुरजीत सिंह, केपी चैधरी, डॉ. अनिल राय, गौरव शंकर सिंह, रवि मिश्रा, मुकेश कुमार, राकेश पांडे, सुनील वर्णवाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.


