
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस ने वीर कुंवर सिंह चौक (पूर्व में घोड़ा चौक) के पास छापेमारी करते हुए सन्नी सरदार को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। आश्चर्यजनक रूप से सन्नी शनिवार दोपहर ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सन्नी सरदार वही आरोपी है, जिस पर कुछ महीने पहले कांग्रेस नेता अभिजीत पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा था और इसी मामले में वह जेल में बंद था।
रिहा होने के कुछ ही घंटे बाद सन्नी फिर से क्षेत्र में सक्रिय होने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर जुगसलाई पुलिस की टीम ने देर रात वीर कुंवर सिंह चौक के पास उसे घेर लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह हथियार उसे आजाद गिरी द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस अब आजाद गिरी की भूमिका की भी जांच कर रही है और उसके संभावित नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
फिलहाल सन्नी सरदार से जुगसलाई थाना में कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह हथियार लेकर कहां जा रहा था और उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जेल से छूटते ही उसने दोबारा आपराधिक गतिविधि क्यों शुरू की। सन्नी पूर्व में चर्चित नागाडीह कांड का भी आरोपी रह चुका है, हालांकि उस मामले में वह बरी हो गया था। पुलिस का कहना है कि यदि सन्नी की मंशा आपराधिक थी, तो उसके पीछे की पूरी कड़ी को तलाशना बेहद जरूरी है ताकि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।


