
उदित वाणी जमशेदपुर : सुंदरनगर रेलवे फाटक पर सोमवार सुबह अचानक फाटक बंद किए जाने से भारी जाम लग गया। बिना किसी पूर्व सूचना के फाटक बंद होने से सैकड़ों वाहन सड़क पर फंस गए और देखते ही देखते वाहन चालकों का आक्रोश भड़क उठा। गर्मी और लंबे इंतजार से परेशान लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम की स्थिति को संभालने के बजाय मौके पर पहुंचे एक आरपीएफ जवान ने वाहन चालकों से उलझना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि जवान ने अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए कई लोगों से बदसलूकी की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इस व्यवहार से नाराज लोगों ने आरपीएफ जवान के खिलाफ चक्रधरपुर जाकर आरपीएफ कमांडेंट और रेल डीआरएम से शिकायत करने की बात कही।
घटना के समय फाटक के पास मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि रेलवे फाटक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए ही फाटक को बंद किया गया था। मरम्मत में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि रेलवे फाटक से महज 40 मीटर की दूरी पर स्थित सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी अव्यवस्था के बावजूद पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी।
तेज धूप में लंबे समय तक जाम में फंसे वाहन चालक बेहाल हो गए। इस दौरान एक बाइक सवार गर्मी से बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे बाद में खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जाम खुलने के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन लोगों में रेलवे और सुरक्षा कर्मियों के रवैये को लेकर नाराजगी बनी रही।

