
उदित वाणी, जादूगोड़ा : सुंदरनगर-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर सीआरपीएफ कैंप के पास बिना अनुमति और बेहद बेढंगे तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों के लिए परेशानी बढ़ने की आशंका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्पीड ब्रेकरों की वजह से बुजुर्गों, महिलाओं और विशेषकर रोगियों को खासी दिक़्क़त होगी.
स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि इन नए स्पीड ब्रेकरों का निर्माण कौन कर रहा है और किसकी अनुमति से किया जा रहा है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है. लोगों का कहना है कि अगर इस तरह से जगह-जगह पर फिर स्पीड ब्रेकर बनने लगे तो यह सड़क एक बार फिर चलने योग्य नहीं रहेगी. लोगों ने उपायुक्त से मांग की है कि बन रहे बेढंगे स्पीड ब्रेकर को तुरंत रोका जाए और पुल व सड़क की खराब स्थिति को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके और हादसों पर अंकुश लगे.
पहले हटाए गए थे 50 से अधिक स्पीड ब्रेकर
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले इसी मार्ग पर 50 से अधिक स्पीड ब्रेकर बनाए गए थे. उस समय मारवाड़ी सम्मेलन, जादूगोड़ा शाखा और चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने तत्कालीन उपायुक्त अन्यन्त मित्तल से मुलाकात कर इन्हें हटाने की मांग की थी. उपायुक्त के आदेश पर स्पीड ब्रेकरों को हटाया गया था और तब से राहगीरों को सुगम आवाजाही में राहत मिली थी.
पुल और सड़क की मरम्मत की भी मांग
जानकारी के अनुसार, घोड़ाडीह के समीप बने ऊंचे पुल के एप्रोच रोड की स्थिति काफी खराब है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस जगह पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और दर्जनों हादसे अब तक हो चुके हैं. इसके बावजूद प्रशासन की ओर से मरम्मत की दिशा में कदम नहीं उठाए गए हैं.

