
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेस चाणक्य चौधरी ने कहा कि समर कैंप के आयोजन का मकसद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है.
चौधरी शुक्रवार सुबह को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित समर कैंप के उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद पहली बार पूरी तरह से फिजिकल मोड में समर कैंप का आयोजन हो रहा है. इस साल बच्चों की भीड़ और सुविधा को देखते हुए समर कैंप का आयोजन चार जगहों पर हो रहा है ताकि जेआरडी में भीड़ से बचा जा सके.
चाणक्य चौधरी ने बताया कि जेआरडी के अलावा यूनाइटेड क्लब, डिमना, टीजीएस गम्हरिया और नवल टाटा हॉकी एकेडमी में इसका आयोजन हो रहा है. उन्होंने बताया कि समर कैंप में विभिन्न खेल के साथ ही हम बच्चों की सेफ्टी को भी काफी महत्व दे रहे हैं. कई ऐसे सत्र होंगे, जिसमें बच्चों को गुड टच, बैड टच के अलावा सुरक्षित रहने पर जोर दिया जाएगा.
समर कैंप की तर्ज पर विंटर कैंप का होगा आयोजन
टाटा स्टील के हेड स्पोर्ट्स और टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के प्रमुख हेमंत गुप्ता ने कहा कि इस बार 22 खेल गतिविधियों में 3000 से अधिक बच्चे भाग ले रहे हैं.
यही नहीं बच्चों के माता-पिता के लिए भी हमने काफी नये इवेन्ट्स रखे हैं, ताकि वे शिविर में भाग लेकर नये कौशल सीख सके.उन्होंने कहा कि यह कैंप बच्चों को सामाजिक रूप से सक्रिय भागीदारी करने, अपनी गर्मी की छुट्टियों का सार्थक तरीके से आनंद लेने और साथ में मौज-मस्ती करने का मौका भी देगा.
टाटा स्टील खेल विभाग के 150 से अधिक विशेषज्ञ, प्रशिक्षक और स्वयंसेवक समर कैंप को सुखद बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. हेमंत गुप्ता ने बताया कि हमारी कोशिश है कि समर कैंप की तर्ज पर ही विंटर कैंप का भी आयोजन करें ताकि शहर के बच्चों का खेल के प्रति रूझान और सक्रियता बढ़ें. उद्घाटन समारोह में डॉ सुधीर राय, जेनरल मैनेजर, मेडिकल सर्विसेज, आनंद मेनेजेस और यूनियन सदस्य संतोष ठाकुर उपस्थित थे.
स्विमिंग को लेकर बच्चों में सर्वाधिक क्रेज
समर कैंप में स्विमंग को लेकर बच्चों में जबर्दस्त क्रेज दिख रहा है. काफी बच्चों ने स्विमिंग में अपना पंजीकरण कराया है. उन्होंने शुक्रवार को पहली बार स्विमिंग पूल में डुबकी लगाई और तैराकी के बारे में जाना. तैराकी के कोच फिरोज खान इन बच्चों की सुरक्षा और ट्रेनिंग को लेकर सक्रिय रहे.


