
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के भालुबासा स्थित इंद्रानगर निवासी सुमन कर को मिनिस्ट्री ऑफ ताइवान का एजुकेशनल स्कॉलरशिप प्राप्त हुआ है. उसके पिता नारायण कर साकची सेंटर के समाचारपत्र वेंडर हैं. पुत्र सुमन की सफलता से पिता खासे खुश हैं.
सुमन को ताईवान के शिक्षा मंत्रालय (मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन ताईवान) से मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए एक लाख 60 हजार एनटीडी (ताइवानी करेंसी) की स्कॉलरशिप मिली है. इसके अलावा 20 हजार एनटीडी प्रतिमाह स्टापंड के तौर पर भी मिलेंगे सुमन ने बताया कि पहले तो वहां वह तीन महीने की इंटर्नशिप करेगा.
उसके बाद मास्टर डिग्री की पढ़ाई करेगा. स्कॉलरशिप के तहत सुमन के पढ़ाई औऱ रहने की निःशुल्क सुविधा होगी. सुमन ने ओड़िशा के भुनेश्वर स्थित सीवी रमण ग्लोबल यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन में बीटेक की डिग्री हासिल की है.
यूनिवर्सिटी की ओर से इस वर्ष होनहार सुमन को स्टूडेंट ऑफ द ईयर का अवार्ड भी मिल चुका है. सुमन की स्कूली शिक्षा शहर स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल से हुई है. उसने बताया कि मास्टर डिग्री हासिल करने के पश्चात ताईवान में ही कैंपस प्लेसमेंट मिल जाता है, तो वहां वह चीप डिजाइनिंग के क्षेत्र में कार्य करेगा. इसमें उसकी रुचि है. उसकी मां पुतुल कर गृहणी हैं.
उसने बताया कि उसकी सफलता में पिता की कड़ी मेहनत और शिक्षा के प्रति उनका रुझान काफी प्रेरणादायी रहा है. वहीं इस सफलता के लिए वह अपने माता-पिता व गुरुजनों को श्रेयस्कर मानता है.

