
उदित वाणी जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर साव पाड़ा में शनिवार शाम एक 18 वर्षीय युवती ने गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका प्रिया गोप (18 वर्ष) थी। घटना की सूचना पर कोवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेजा। रविवार को पुलिस ने प्रिया का पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिया।
प्रिया के पिता दिलीप गोप ने थाना में आवेदन देते हुए बताया कि शनिवार को वह साप्ताहिक हाट में व्यस्त थे, जबकि पत्नी भी जरूरी काम से बाजार गई थी। बेटी प्रिया घर में अकेली थी। देर शाम जब पत्नी घर लौटीं, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को सूचित किया। ग्रामीणों की मदद से छत का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया गया, जहां प्रिया को गुलाबी रंग के दुपट्टे से पंखे में फंदा लगाकर झूलता हुआ पाया गया। इस दर्दनाक नजारे की सूचना तुरंत कोवाली पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी सदलबल मौके पर पहुंचकर प्रिया का शव नीचे उतवाकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेज दिया।
प्रिया के चाचा सुकून गोप ने बताया कि अप्रैल महीने में प्रिया और सोनार मंडल घर से भाग गए थे। एक साल से दोनों का संबंध था बाद में दोनों को पुलिस ने बरामद किया था। इस मामले में लड़के को जेल भेजा गया था। लेकिन लड़के द्वारा शादी करने की शर्त पर शुक्रवार को वह रिहा किया गया था। चाचा सुकून गोप के अनुसार, लड़की ने उसी दिन शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर कोई नहीं था क्योंकि प्रिया के पिता पंक्चर की दुकान चलाते हैं और पत्नी भी बाजार गई थी।
थाना प्रभारी सदलबल ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रिया ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका के परिजन सदमे में हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
