
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने नामजद ब्राउन शुगर पेडलर जमबो महतो (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया निवासी के रूप में हुई है।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि तमोलिया क्षेत्र में कुछ युवक ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। विगत दिनों रामू चौक पर हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ मोहम्मद सरफराज शेख को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जा चुका है।
ओपी प्रभारी ने बताया कि सरफराज की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस मुख्य पेडलर जमबो महतो की तलाश में थी। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर न्यायालय में पेश कर दिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
प्रभारी धीरंजन कुमार ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवैध धंधे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस को दें, ताकि युवाओं को इस जाल से बचाया जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत महसूस की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से नशे की जड़ें कमजोर होंगी और समाज में सकारात्मक माहौल बनेगा।

