
उदित वाणी, जमशेदपुर: जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सदर अस्पताल, जमशेदपुर का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई, दवा आपूर्ति और चिकित्सकों की उपस्थिति जैसी अहम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनरल वार्ड, महिला वार्ड, प्रसव वार्ड, शिशु वार्ड, इमरजेंसी कक्ष और ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण किया।
मरीजों से सीधे संवाद
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, भोजन की गुणवत्ता, जाँच सुविधा और अस्पताल स्टाफ के व्यवहार से जुड़ी बातों की जानकारी ली। साथ ही पूछा कि उन्हें किन सुविधाओं में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
गुणवत्ता और संवेदनशीलता पर ज़ोर
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी अपने कर्तव्यों का निष्ठा व संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। अस्पताल परिसर की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और सभी चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए।
पदाधिकारी भी रहे साथ
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, ACMO डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, DRCHO डॉ. रंजीत पांडा समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी और उत्तरदायी बनाना था।

