
उदित वाणी, रांची: राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा सात सूत्री मांगों को लेकर रविवार को आजसू पार्टी के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे. आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो समेत पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता मोराहाबादी स्थित बापू वाटिका से पैदल मार्च कर हरमू मैदान पहुचेंगे तथा राज्य सरकार की नाकामियों व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हल्ला बोलेंगे.
सामाजिक न्याय मार्च की जानकारी देते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डा देवशरण भगत ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार ने ना सिर्फ बड़ी आबादी के साथ धोखा किया है. बल्कि जनादेश का भी अपमान किया है.
युवा, महिलाएं किसान, गरीब, श्रमिक सभी हताश व निराश हैं. सवा तीन सालों के बाद भी सरकार ने सामाजिक न्याय की दिशा में कोई पहल नहीं किया. ना ही जातीय जनगणना और स्थानीय एवं नियोजन नीति को लेकर ईमानदार कोशिशें की गई. सभी पहलुओं पर जनमानस में व्याप्त बेचैनी एवं निराशा को देखते हुए आजसू पार्टी ने सड़कों पर उतरने का निर्णय लिया है.
डा भगत ने कहा कि राज्य के कोने-कोने से आजसू पार्टी के नेता-कार्यकर्ता पहले बापू वाटिका पहुंचेंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए हरमू मैदान में आयोजित सामाजिक न्याय सभा में शामिल होंगे.
जहां झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो समेत अन्य नेता सभा को संबोधित करेंगे.

