
उदित वाणी जमशेदपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को सिदगोड़ा टाउन हॉल, जमशेदपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के वर्चुअल उद्घाटन तथा राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर के सफल आयोजन को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की।
बैठक में कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने, योजनाओं से लाभान्वित किए जाने वाले अधिक से अधिक लाभुकों की सूची तैयार करने तथा परिसंपत्ति वितरण से संबंधित सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के योग्य लाभुकों की पहचान कर उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, विभागीय समन्वय, स्टॉल की व्यवस्था, लाभुकों की उपस्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य शमद, आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी, कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह, डीआईओ एनआईसी किशोर प्रसाद सहित जेएसएलपीएस, शिक्षा, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, भूमि संरक्षण, मत्स्य, स्वास्थ्य, श्रम, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा विभाग, अग्रणी बैंक प्रबंधक, आधार पंजीकरण, सहकारिता, कल्याण, आपूर्ति, बाल संरक्षण तथा जेल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

