
उदित वाणी, रांची: लोहरदगा से 5 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस की जय भारत सत्याग्रह यात्रा शुरू की जायेगी. यह यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से होकर 1950 किलोमीटर तक चलेगी.
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय कार्यक्रम को लेकर रांची पहुंचे और पांडेय 16 अप्रैल तक 13 दिनों तक झारखंड में ही कैंप करेंगे तथा कार्यक्रमों की माॅनिटरिंग करते हुए जय भारत सत्याग्रह यात्रा के जिलावार कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे. कार्यक्रम को लेकर रांची में राज्य नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है.
जहां से जिलों मे किये जानेवाले कार्यक्रमों की माॅनिटरिंग की जायेगी. नियंत्रण कक्ष के प्रभारी केशव महतो कमलेश, रवीन्द्र सिंह व संजय पांडेय को बनाया गया है. इसके अलावा कार्यक्रमों की निगरानी के भी एक समिति गठित की गई है और कार्यक्रमों को लेकर जिलावार प्रभारी नियुक्त किया गया है.
प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आभा सिन्हा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम व सरायकेला-खरसवां जिले की प्रभारी नियुक्त की गई है. सत्याग्रह यात्रा के दौरान कांग्रेस जिलों के प्रखंड क्षेत्रों के हाट बाजारों व चौक-चौराहों में नुक्कड़ सभा आयोजित करेगी तथा लोगों के बीच मोदी सरकार के कथित अलोकतांत्रिक एवं तानाशाही चरित्र का पर्दाफाश करेगी.
नुक्कड़ सभा के अलावा पार्टी द्वारा संवाददाता सम्मेलन भी आयोजित किया जायेगा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में चलनेवाले जय भारत सत्याग्रह यात्रा की शुरूआत लोहरदगा से 5 अप्रैल को पूर्वाहन 10 बजे की जायेगी.
इसके बाद यह यात्रा राज्य के सभी जिलों लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर, सरायकेला-खरसवां, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, खूंटी, सिमडेगा होते हुए रामगढ़ तक जायेगी और इसके बाद रांची आयेगी.
वहीं मंगलवार शाम को कांगेस द्वारा सभी जिला मुख्यालयों में लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च निकाला गया. राजधानी रांची में यह मशाल शांति मार्च शहीद चैक स्थित शहीद स्थल से कचहरी चौक होते हुए राजभवन तक किया गया.
जिसमें प्रदेश प्रभारी समेत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पार्टी विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम के अलावा कांग्रेस के सभी मंत्री, विधायक, कार्यकारी अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी समेत अग्रणी मोर्चा संगठन विभाग के पदाधिकारी व जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी शामिल थे.

