
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार के कहर ने एक युवक की जान ले ली. चार दोस्तों से भरी कार फार्म हाउस से लौट रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई. हादसे इतना भयावह था कि कार चालक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि अन्य तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी रिद्धि पांडे के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, रिद्धि अपने तीन दोस्तों के साथ फार्म हाउस से लौट रहे थे. तेज रफ्तार के चलते कार सड़क पर फिसल गई और खंभे से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा. डॉक्टरों ने तीनों घायलों को गंभीर चोटें बताते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया. छोटी सी लापरवाही ने घर का चिराग बुझा दिया. आसपास के लोग भी इस दर्दनाक घटना को देख स्तब्ध रह गए. कोवाली थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और वाहन की स्पीड तथा अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बचें, वरना ऐसे हादसे और बढ़ेंगे.

