
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारतीय रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने 21 सितंबर से 30 नवंबर तक 150 पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जो कुल 2024 फेरों की सेवा देंगी।
साउथ सेंट्रल रेलवे सबसे अधिक 48 ट्रेनें चलाएगा, जो हैदराबाद, सिकंदराबाद और विजयवाड़ा रूट पर चलेंगी और 684 फेरे लगाएंगी। ईस्ट सेंट्रल रेलवे बिहार के लिए 14 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जो पटना, गया, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे प्रमुख रूटों को कवर करेंगी और कुल 588 फेरे लगाएंगी।
इसके अलावा, ईस्टर्न रेलवे 24 ट्रेनें चलाएगा, जो कोलकाता, हावड़ा और सियालदाह रूट पर चलेंगी और 198 फेरे लगाएंगी। वेस्टर्न रेलवे भी 24 ट्रेनें चलाएगा, जो मुंबई, सूरत और वडोदरा से यात्रियों को ले जाएंगी और 204 फेरे लगाएंगी। साउथर्न रेलवे 10 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जो चेन्नई, कोयंबटूर और मदुरै रूट पर चलेंगी और 66 फेरे लगाएंगी।
रेलवे ने बताया है कि इसके अलावा भुवनेश्वर, पुरी, संबलपुर, रांची, टाटानगर, प्रयागराज, कानपुर, बिलासपुर, रायपुर, भोपाल और कोटा जैसे शहरों से भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह केवल पहली किश्त है और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आगे और ट्रेनों की घोषणा की जाएगी।

