
उदित वाणी, रायरंगपुर : पशु तस्करी और पशुओं पर हो रही क्रूरता की रोकथाम को लेकर आज रायरंगपुर नगरपालिका परिसर के वार्ड संख्या 13 स्थित कार्यालय में सोसाइटी फॉर द प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स (एसपीसीए) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसपीसीए ऑल इंडिया संगठन के ओडिशा प्रदेश सचिव जयंत कुमार बेहरा ने की.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष विकास कुमार मौजूद रहे. उन्होंने अपने संबोधन में संगठन के इतिहास और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय एसपीसीए की स्थापना सर्वप्रथम वर्ष 1924 में इंग्लैंड में हुई थी और धीरे-धीरे इसका विस्तार भारत सहित विभिन्न देशों में किया गया. भारत में एसपीसीए अब सक्रिय रूप से गायों की तस्करी और अन्य पशुओं के साथ हो रही अमानवीय क्रूरताओं की रोकथाम के क्षेत्र में कार्य कर रहा है.
विकास कुमार ने बैठक में उपस्थित सभी उपनिरीक्षकों एवं कार्यकर्ताओं से स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर पशु संरक्षण और गौरक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया. उन्होंने संगठन के कार्यक्षेत्र, कानूनी ढांचे और संविधान में उल्लिखित अधिकारों व कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी भी दी.
बैठक के समापन अवसर पर एसपीसीए कटक मंडल प्रभारी ललिता बिंधानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष हरेकृष्णा बिंधानी, कानूनी सलाहकार एडवोकेट अंबिका पटनायक, पंकज जगन्नाथ सोरन, बामनघाटी उपविभाग के सभी संगठन उपनिरीक्षक तथा विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

