
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी स्थित परदेसी पाड़ा में टाटा लीज एरिया की कथित अतिक्रमित जमीन पर मस्जिद निर्माण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस मुद्दे को लेकर स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को बैठक कर गंभीर चिंता जतायी और प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल उठाए.
बैठक के बारे में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने बताया कि उन्हें भी चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था. बैठक में लोगों ने कहा कि परदेसी पाड़ा में बनने वाली मस्जिद का स्थानीय स्तर पर कई बार विरोध हो चुका है. विरोध के बाद पूर्व में निर्माण कार्य रोका भी गया था, लेकिन अब एक बार फिर तेज गति से मस्जिद निर्माण कराया जा रहा है.
मुकुल मिश्रा ने बताया कि मस्जिद का निर्माण जिस जमीन पर हो रहा है, वह टाटा लीज एरिया के अंतर्गत आती है और इसे अतिक्रमित भूमि माना जा रहा है. इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने 28 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, एसडीओ, सोनारी थाना और टाटा लैंड विभाग को लिखित रूप से सूचना दी है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि परदेसी पाड़ा स्थित मस्जिद में वहां की आबादी के अनुपात में कई गुना अधिक लोग नमाज के लिए आते हैं. उनका सवाल है कि प्रशासन को यह पता लगाना चाहिए कि नमाज पढ़ने आने वाले लोग कहां के हैं. टाटा लीज एरिया में बन रहे इस मस्जिद निर्माण को प्रशासन पहले भी कई बार रोक चुका है, फिर भी निर्माण कार्य खुलेआम जारी है, जिससे लोगों में नाराजगी है.
निवासियों ने यह भी आशंका जतायी कि सोनारी के निचले इलाकों की कुछ बस्तियों में संदिग्ध व बाहरी तत्व निवास कर रहे हैं और प्रशासन को इसकी भी जांच करनी चाहिए. मुकुल मिश्रा के अनुसार, स्थानीय लोगों ने निर्णय लिया है कि यदि 10 दिसंबर तक प्रशासन इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करता, तो परदेसी पाड़ा स्थित वीर मंच अखाड़ा प्रांगण में एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रशासन की नींद टूट सके.
बैठक में अरुण तिवारी, विनोद प्रसाद, दिनेश पांडे, अशोक जायसवाल, विजय कुमार, बलराम ठाकुर, अजय अग्रवाल, विनोद सिंह, रविशंकर सिंह, सुरेंद्र सिंह, उत्तम कुमार, अशोक सिन्हा, मुकेश साहू, नरेश सिंह समेत दर्जनों स्थानीय लोग उपस्थित थे.

