
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने Tata Steel UISL के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर सोनारी क्षेत्र में सीवरेज निर्माण कार्य की धीमी गति पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि निर्माण में विलंब से स्थानीय लोगों को जलजमाव, आवागमन में कठिनाई और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं।

कौन-कौन से इलाके प्रभावित?
राय के अनुसार, अमृता अपार्टमेंट के अंदर अधूरा सीवरेज निर्माण कार्य जल जमाव का कारण बन रहा है। वहां बारिश का पानी अपार्टमेंट के अंदर घुस रहा है, जिससे लोगों का रहना दूभर हो गया है। निर्मल बस्ती के जाहिरा कॉलोनी क्षेत्र में भी निर्माण बेहद धीमी रफ्तार से हो रहा है। परिणामस्वरूप, बरसात का पानी घरों में प्रवेश कर रहा है। गांधी रोड में स्थिति और भी विकट है। संवेदक द्वारा गड्ढा खोदकर उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है और राहगीरों को खासी दिक्कत हो रही है।
विधायक की अपील: कार्य में लाएं गति
सरयू राय ने अपने पत्र में जोर दिया है कि निर्माण कार्य को शीघ्र और व्यवस्थित ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने Tata Steel UISL से अपील की है कि संवेदकों को निर्देशित कर काम में तेजी लाएं, ताकि लोगों को हो रही निरंतर असुविधा का समाधान हो सके।

