
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर दुर्गा मंदिर के सामने रहने वाली 19 वर्षीय युवती अंजना कुमारी ने सोमवार शाम करीब छह बजे चुन्नी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के समय घर के अंदर से कोई गतिविधि नहीं दिखने पर परिजनों को संदेह हुआ. दरवाजा खोलने पर अंजना कुमारी को कमरे के अंदर फंदे से लटका पाया गया. इसके बाद तुरंत इसकी सूचना सीतारामदेरा पुलिस को दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
बताया जा रहा है कि मृतका अविवाहित थी और अपने परिवार के साथ छायानगर इलाके में रहती थी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और फिलहाल किसी भी तरह की जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं.
सीतारामदेरा थाना पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. पुलिस परिजनों के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य किसी समस्या से परेशान तो नहीं थी.
घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अंजना कुमारी सामान्य स्वभाव की थी और किसी को भी इस तरह के कदम की आशंका नहीं थी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे.

