
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने सोमवार को लिट्टी चौक के पास से फरार चल रहे अपराधी ऋतिक को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ऋतिक पहले भी जेल की हवा खा चुका है और कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, दस दिन पूर्व ऋतिक ने झूला मैदान के पास एक युवक के साथ गंभीर मारपीट की थी, जिसमें युवक बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह अभी भी उपचाररत है। इस घटना के बाद से ही ऋतिक पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था।
सीतारामडेरा पुलिस ने बताया कि सोमवार की शाम नियमित पेट्रोलिंग के दौरान लिट्टी चौक के समीप एक संदिग्ध युवक नजर आया। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर उसे खदेड़कर धर दबोचा।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ऋतिक से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से इलाके में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

