
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात भालूबासा मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर एक युवक को दबोचा. गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम कुमार दुबे उर्फ प्रिंस के रूप में की गई है, जो भालूबासा रोड नंबर 4 का रहने वाला है.
पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान शुभम की तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से सात जिंदा कारतूस बरामद हुए. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था. हालांकि, छापेमारी के दौरान उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे.
इस मामले में सीतारामडेरा थाना के एएसआई राजीव कुमार मंडल के बयान पर अवैध रूप से कारतूस रखने का एक मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामद कारतूसों के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शुभम किन अपराधियों के संपर्क में था और कारतूस उसके पास कैसे पहुंचे.
पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को पूछताछ के बाद में जेल भेज दिया गया. अधिकारी ने बताया कि आरोपी से कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की छानबीन की जाएगी. साथ ही उसके नेटवर्क और संभावित आपराधिक योजनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई है.
पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. लगातार हो रही कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में खलबली मची हुई है और पुलिस की चौकसी का असर साफ दिखने लगा है.

