
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड गोलचक्कर के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पहले लाला विश्वकर्मा की मौत हुई थी, वहीं अब इलाज के दौरान उनकी पत्नी नीलम शर्मा ने भी दम तोड़ दिया है। इस दोहरी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पत्नी की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में सीतारामडेरा थाना पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और यातायात अव्यवस्था का प्रत्यक्ष परिणाम है। बस स्टैंड गोलचक्कर पर लगातार जाम, अव्यवस्थित वाहन संचालन और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह इलाका हादसों का केंद्र बन चुका है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बताया गया कि मृतक लाला विश्वकर्मा पेशे से एलआईसी एजेंट थे और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने, दोषियों पर कार्रवाई करने और बस स्टैंड गोलचक्कर पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

