
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा रेलवे फाटक के पास शनिवार को रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय महिला देवकी कलेज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका सरजमदा की रहने वाली थीं और टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी रह चुकी थीं। करीब पांच साल पहले वह सेवानिवृत्त हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, देवकी कलेज कान से कम सुन पाती थीं। शनिवार सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी पीछे से आ रही ट्रेन की आवाज उन्हें सुनाई नहीं दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें चेताने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन तेज रफ्तार से करीब आ चुकी थी और देखते ही देखते उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक, देवकी कलेज रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बेटी के घर जोजोबेड़ा आई थीं और सुबह भाई को राखी बांधने के लिए निकली थीं। हादसे के बाद परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
इस अचानक हुई घटना ने रक्षाबंधन के खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक के पास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और पैदल यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था की मांग की है।

