
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित वाहन पार्किंग स्थल की दरों में वृद्धि को अव्यावहारिक एवं आम नागरिकों के लिए न्यायसंगत नहीं होने का हवाला देते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा को पत्र लिखा है. चैंबर ने इसकी प्रतिलिपि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, चेयरमैन रेलवे बोर्ड सतीश कुमार एवं प्रमंडलीय रेल प्रबंधक चक्रधरपुर को भी प्रेषित कर इसपर यात्रियों के हित में निर्णय लेने का आग्रह किया है.
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि पिछले दिनों टाटानगर स्टेशन के पार्किंग स्थल पर वाहनों की पार्किंग चार्ज में बेतहाशा वृद्धि कर दी गई और पार्किंग के कर्मचारियों द्वारा मनमाने ढंग से इसकी वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह अव्यावहारिक है और कहीं से भी आम नागरिकों के लिए न्यायसंगत नहीं है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा दी जा रही रसीद से छह घंटे की पार्किंग का अधिकारिक शुल्क 48 रूपए है जो रसीद के हिसाब से भी वाहन पार्किंग के लिए पहले से ही ज्यादा है.
उसके बावजूद इस दर का भी बढ़ाकर 500 रूपए कर दिया गया है. इसके भुक्तभोगी चैम्बर सदस्य भी हुए है जिनसे आधे घंटे की पार्किंग के लिए कर्मचारियों द्वारा सौ रूपए लिए जाते हैं. अध्यक्ष ने कहा कि स्टेशन की पार्किंग में पहले से ही काफी विसंगतियां हैं जिससे वाहन पार्किंग करने वाले आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बावजूद पार्किंग की दरों में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि कर दी गई है. इससे आम नागरिकों में रेलवे के प्रति रोष व्याप्त है तथा रेलवे की छवि भी धूमिल हो रही है.
इसपर रेलवे को त्वरित निर्णय लेते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भारतीय रेलवे के प्रति लोगों की सोच नाकारात्मक न होकर साकारात्मक रहे.चैम्बर पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया ने भी रेलमंत्री, दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक एवं चक्रधरपुर के प्रमंडलीय रेल प्रबंधक ने आग्रह किया है वे आम नागरिकों के हित में पार्किंग स्थल की विसंगतियों को दूर करें.

