
* फेयर में हस्तशिल्प के 44 स्टॉल, आज अंतिम दिन
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत शनिवार को चैंबर भवन बिष्टुपुर में मानसून ट्रेड फेयर का शुभारंभ हुआ. फेयर का उद्घाटन झारखंड के राजस्व, पंजीकरण एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ, विशिष्ट अतिथि ईचागढ़ की विधायक श्रीमती सविता महतो एवं जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने किया. मौके पर चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, उमेश कांवटिया, अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, महासचिव मानव केडिया एवं उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी मौजूद थे.
चांदी के सैंडल
राधिका ज्वेलरी के स्टॉल पर चांदी के सैंडल मिल रहे है और दर्शक पूरी जिज्ञासा के साथ इनकी इन्क्वायरी भी ले रहे हैं.
कस्टमाइज पेन
कानपुर की महिला उद्यमी कस्टमाइज फाउंटेन पेन बनाकर प्रदर्शित कर रही है. कैनवेस्ट्री के स्टॉल पर सागरिका नामक महिला स्टॉल में आने वाले ग्राहकों का प्रोटेट बनाकर अपनी एक अलग पहचान बना रही है.
मैक्रम बोहेमियन वॉल हैंगिंग
मानसून ट्रेड़ फेयर में कई स्टॉल आकर्षण के केन्द्र बने हुए है. पहले दिन पहले तले पर स्थित सी-5 स्टॉल आकर्षण का केन्द्र बना रहा. इस स्टॉल पर नई तरह की डिजाइन के मैक्रम बोहेमियन वॉल हैंगिंग, बैग, कीचेन आइटम को प्रदर्शित किया गया है. स्टॉल की नीता गुप्ता ने बताया कि काफी अच्छा रिस्पांस रहा. अच्छी बात यह है कि लड़कियों से लेकर महिलाएं तक सभी इस प्रोडक्ट को पसंद कर रही है और खरीददारी कर रही है.
बनारसी गठरी
बनारसी हैंडलूम सिल्क सूट और साड़ियों से लेकर पसंदीदा कॉर्डसेट्स में मिल रहे हैं. पहले दिन दर्शकों का उत्साह देखा गया.
कलाकृतियां
एक स्टॉल पर मुस्कान अग्रवाल नाम महिला उद्यमी द्वारा छोटी-छोटी चीजों से अलग-अलग तरह की कलाकृति बनाकर प्रदर्शित किया गया है.
दिव्यांग बच्चों को मंच
एस्पायर नामक संस्था के स्टॉल पर दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुएं अनूठी कला का प्रदर्शन कर रही है.
फेयर में 44 स्टॉल
मानसून ट्रेड फेयर में 44 स्टॉल लगाए गए है जिसमें गृह उपयोगी सामान, सजावटी समान, ज्वेलरी, गारमेन्ट्स, गिफ्ट आइटम, आचार-पापड़, बुटिक्स, फैशन, बैग, दवाईयां, औषधि, बेडशीट, चादर इत्यादि के स्टॉल लगे हुए हैं. इसके अलावे खाने-पीने की सामग्री के भी स्टॉल लगे हैं जहां विभिन्न तरह के व्यंजन लोगों को उपलब्ध हो रहे हैं.
फेयर में फ्री इंट्री
सचिव भरत मकानी ने बताया कि मानसून ट्रेड फेयर पूरी तरह निःशुल्क है, जिसमें चैम्बर सदस्यों के अलावा जमशेदपुर के आम नागरिक भी फेयर में भ्रमण कर सकते हैं. फेयर का समय पूर्वाह्न 11 बजे से संध्या 8.30 बजे तक है. रविवार 22 जून ट्रेड फेयर का अंतिम दिन है. इसलिए लोग कल तक भ्रमण कर इसका लुत्फ उठा सकते हैं. फेयर में स्टॉल चैम्बर भवन के तीनों तल्ले के हॉल में लगे हैं.
सरकार व्यापारियों को सकारात्मक माहौल देने की पक्षधर-दीपक बिरूआ
दीपक बिरूआ ने कहा कि किसी भी संस्था के द्वारा प्लैटिनम जुबिली मनाना गौरव की बात है. चैम्बर का अपना गौरवमयी इतिहास रहा है और चैम्बर हमेशा कोल्हान एवं राज्य के उद्यमी एवं व्यावसायियों की आवाज उठाता रहा है. हमारा प्रयास होता है कि उद्यमी एवं व्यवसायियों की समस्याओं का समाधान हो क्योंकि व्यापारी एवं उद्यमी समाज देश एवं राज्य की रीढ़ है. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार प्रदेश में उद्यमियों एवं व्यापारियों को सकारात्मक माहौल देने की पक्षधर है.
राज्य के विकास में सहायक है चैंबर-कालिंदी
विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि चैम्बर द्वारा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया मानसून ट्रेड फेयर सराहनीय कदम है. चैम्बर ने हमेशा कोल्हान के साथ राज्य के विकास के लिए कार्य किया है. ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने कहा कि नारीशक्ति देश का संबल है. आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रही है और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान दे रही है. उन्होंने चैम्बर की सराहना करते हुए कहा कि चैम्बर का यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
महिलाओं को मंच देने का माध्यम है यह फेयर-मूनका
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर अपने प्लैटिनम जुबिली वर्ष को समारोह के रूप में मना रहा है. यहां तक चैम्बर को लाने में हमारे पूर्व अध्यक्षगणों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का बहुत योगदान रहा है. एक छोटे से कमरे से शुरूआत कर चैंबर आज कोल्हान ही नहीं झारखंड राज्य की अग्रणी व्यापारिक संस्थाओं में शुमार है. अपने बड़े लक्ष्यों के साथ इस तरह के महिला सशक्तिकरण के लिए ट्रेड फेयर का आयोजन कर चैम्बर उन्हें देश एवं समाज के आर्थिक विकास में सहभागी बना रहा है.
फेयर को मिल रहा है अच्छा रिस्पांस
अनिल मोदी ने बताया कि प्लैटिनम जुबिली के अवसर पर सिंहभूम चैम्बर व्यापार एवं उद्योगों के प्रोत्साहन हेतु अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है. इसी क्रम में फेयर का आयोजन क्रेता और विक्रेता के मिलन का एक सकारात्मक और सशक्त मंच है. मानसून ट्रेड फेयर की संयोजक श्रीमती सुमन नागेलिया ने बताया कि फेयर को लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है तथा इसमें लगे स्टॉल उन्हें लुभा रहे हैं. कार्यक्रम का संचालन मानद महासचिव मानव केडिया ने किया तथा इस अवसर पर फेडरेशन चैम्बर के उपाध्यक्ष नितीन प्रकाश को भी सम्मानित किया गया. चैम्बर के अन्य पदाधिकारीगण मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने सभी चैम्बर सदस्यों एवं शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे एक बार इस ट्रेड फेयर में अवश्य आएं.

