
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के अध्यक्ष मानव केडिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन की बढ़ती गहमागहमी और ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी पर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने सुझाव दिया है कि टाटानगर स्टेशन के कुछ ट्रेनों का गंतव्य एवं स्थगन प्वाइंट नजदीकी आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को बनाया जाए.
केडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प एवं आधुनिकीकरण तीव्र गति से हो रहा है. इसी क्रम में टाटानगर से लगभग पाँच किलोमीटर की दूरी पर स्थित आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का भी विकास किया गया है तथा यहाँ 3-4 प्लेटफॉर्म का निर्माण भी हो चुका है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों की अधिकता के कारण अधिकांश ट्रेनें घंटों विलंब से संचालित हो रही हैं. यदि कुछ ट्रेनों का स्थगन प्वाइंट आदित्यपुर स्टेशन को बनाया जाए, तो टाटानगर स्टेशन का दबाव कम होगा, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था सुधरेगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
चैंबर अध्यक्ष ने उदाहरण स्वरूप कुछ ट्रेनों का उल्लेख भी किया है, जिन्हें परीक्षण के तौर पर आदित्यपुर स्टेशन से संचालित किया जा सकता है-
1. टाटानगर–जयनगर एक्सप्रेस (18119/18120)
2. साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287/13288)
3. टाटानगर–थावे एक्सप्रेस (18181/18182)
केडिया ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि वे दक्षिण पूर्व रेलवे को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करें ताकि ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या से यात्रियों को राहत मिल सके.

