उदित वाणी, रांची: आज रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का जमशेदपुर में एक दिवसीय दौरा हुआ। इस दौरान जमशेदपुर के सिख युवाओं ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया। सिख युवाओं ने लोकसभा अध्यक्ष को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
गुरुद्वारों की संख्या और सिख जनसंख्या पर हुई चर्चा
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सिख युवाओं से ‘सत श्री अकाल’ कहकर संवाद शुरू किया। उन्होंने जमशेदपुर में गुरुद्वारों की संख्या और यहां की सिख जनसंख्या के बारे में जानकारी हासिल की। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर उन्होंने सिख युवाओं से विचार-विमर्श किया।
दिल्ली में आमंत्रण और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
ओम बिड़ला ने सिख युवाओं को दिल्ली अपने निवास पर आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि वहां विस्तार से चर्चा की जाएगी और भविष्य में सिख समुदाय के विकास के लिए और कदम उठाए जाएंगे।
सिख भाजपा नेताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर सिख युवाओं के साथ-साथ भाजपा के सिख नेता सतबीर सिंह सोमू, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी रविंदर सिंह रिंकू, चंचल भाटिया, कुलवंत एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।